Wednesday, 18 November 2026

लेकिन

दयानंद पांडेय 

सोसाइटी भी नई थी। मंदिर भी नया-नया था। सो पंडित जी भी नए-नए ही थे। वृद्ध थे। पर पूजा-पाठ में कुशल थे। आचार्य की परंपरा से समृद्ध ब्रह्म मुहूर्त में उठ जाते थे। वह कब नहाते , कब खाते थे , कोई नहीं जानता था। कोई देख भी नहीं पाता था। देख पाता था तो सिर्फ़ उन्हें पूजा-पाठ करते हुए। स्त्रियों और बच्चों में बहुत ही लोकप्रिय थे। पूजा-पाठ बहुत करते थे पर पाखंडी नहीं थे। बिलकुल नहीं थे। कोई छुआछूत , कोई भेदभाव उन्हें छू भी नहीं पाता था। अमूमन एक ही धोती पहने और वही धोती ओढ़े हुए वह , पूरे माथे पर चंदन लगाए हुए सारी गर्मी-बरसात गुज़ार देते थे। अमूमन दशहरा बाद वह सिली हुई बंडी पहनने लगते। दीपावली आते-आते कुरता पहन लेते। दीपावली बीतते-बीतते वह कुरते पर कुरता पहन लेते। यानी दो-दो कुरता पहन लेते। कई बार चार कुरता पहन लेते। कुरते के ऊपर कुरता दिखता रहता। नरम सर्दी आते ही वह सदरी भी पहन लेते। कहना न होगा कि उन के यह सारे वस्त्र ख़रीदे हुए नहीं , दान-दक्षिणा वाले ही होते थे। 

अनमोल अभाव में भी चंदन के लेप से लिपटा हुआ मस्तक गर्व से उठा रहता था। गर्वीली ग़रीबी की चमक में स्वाभिमान जैसे सूर्य की तरह सर्वदा उदय रहता। मंदिर में जो भी नक़द चढ़ावा आता , अगर मूर्तियों या शिवलिंग पर चढ़ा होता तो वह उन को बिलकुल नहीं छूते थे। सब कुछ बटोर कर मंदिर कमेटी को सौंप देते थे। ताकि मंदिर खर्च चलता रहे। हां , कुछ लोग उन के चरण स्पर्श कर , कुछ मुद्रा उन के चरण में रख देते , हाथ में रख देते , उस धनराशि को वह अपने निजी खर्च में उपयोग कर लेते। और कि इस का भी एक-एक पैसे का हिसाब लिखित में मंदिर कमेटी को दे देते। ताकि कभी कोई उन पर किसी किस्म का आरोप या विवाद न खड़ा कर सके। थोड़ा बहुत कपड़ा-लत्ता उपहार में ही मिल ही जाता था। उस में से भी वह ज़्यादातर ग़रीबों में बांट देते थे। मसलन सिक्योरिटी गार्ड , सफाईकर्मी के बीच। भोजन भी कभी कोई दे जाता , कभी कोई। चढ़ावे का फल भी कई बार काम आ जाता। कभी-कभार भोजन न मिलने पर उपवास भी हो जाता। लेकिन कभी किसी से कुछ नहीं कहते थे। मौन उन का सब से बड़ा हथियार था। निजी खर्च भी उन का कुछ और नहीं , दवा का ही था। शूगर की दवा का। इंसुलिन का खर्च ज़्यादा हो जाता था। सोसाइटी के बाज़ार में एक दवा दुकानदार के यहां उन का खाता चलता था। जो भी पैसा उन्हें निजी तौर पर मिलता , दवा दुकानदार के पास जमा कर देते। कुछ पैसे पास में रख लेते। चना , गुड़ और नमक भी ख़रीदते। सुबह भीगा चना वह नाश्ते के तौर पर अनिवार्य रूप से लेते। नमक मिला लेते। नींबू भी। कभी-कभार चढ़ावे का फल भी मिला लेते। छुरी से काट कर। दवा दुकानदार का कभी बकाया होता भी तो वह टोकता नहीं। चुप-चुप ही पंडित जी उसे भान करा देते कि घबराओ नहीं , पैसा मिलते ही दे दूंगा। दुकानदार भी हंसने लगता। कहता , ' देखो पंडित जी , मैं भी जैन हूं। जानता हूं , यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान, समाधि आदि। तुम्हारे गोस्वामी का लिखा भी थोड़ा - बहुत पढ़ा है। जप तप नियम योग निज धर्मा। जानता हूं , हमारा पैसा ले कर कहीं भागोगे नहीं। ' पंडित जी , मुस्कुरा कर चल देते। दवा दुकानदार जैन जब कभी फुरसत में होता तो पंडित जी को बहुत घेरता। कहता , ' पंडित जी सब का भूत - भविष्य बताते फिरते हो। कभी अपना भी भूत - वर्तमान बता दो। '

लेकिन फिर वही मौन। 

पंडित जी के पास मंदिर में फ्रिज तो था नहीं। सो वह अपना इंसुलिन भी दवा दुकानदार के फ्रिज में ही रखते। समयानुसार जा कर इंसुलिन ले लेते। सुबह चना बिना इंसुलिन के लेते। लाचारी थी। कई बार पूजा - अनुष्ठान में फंसे रहते शाम को तो दुकान बंद करने के पहले दवा दुकानदार इंसुलिन लिए कभी खुद आ जाता , कभी दुकान पर काम करने वाले सहयोगी को भेज देता। कभी - कभार भूल भी जाता। कभी खांसी ,  जुकाम , बुख़ार , पेचिश आदि भी होता तो दवा दुकानदार इस की भी दवा तजवीज कर देता। एकाध बार पंडित जी दवा उलट-पुलट कर देखते और लेने से मना कर देते। दवा दुकानदार टोकता कि बात क्या है ? हर बार पंडित जी मौन रह जाते। चुपचाप चले जाते। पर एक बार अचानक उन के मुंह से निकल गया , ' जो फार्मूला चाहिए , इस दवा में नहीं है। ' यह सुन कर दुकानदार अवाक रह गया। वह आगे कुछ और पूछे - पूछे पंडित जी वहां से जा चुके थे। 

दुकानदार हतप्रभ था। अभी तक वह समझता था कि पंडित जी बस संस्कृत वाले हैं। पोथी - पुराण , पंचांग बांचने वाले। पर वह देख रहा था कि पंडित जी न सिर्फ़ अंगरेजी , दवा का फार्मूला भी समझ रहे हैं। 

वह मन ही मन बुदबुदाया , यह कैसा हुस्न है यह कैसा इश्क है भला ! 

अभी तक यह दवा दुकानदार पंडित जी को एक मामूली दरिद्र पंडित मानता था। बुझी हुई राख मानता था। जो पूजा - पाठ कर पेट पाल रहा है। अब उसे लगने लगा कि इस बुझी राख में आग भी है। दहकती हुई आग। पर पंडित जी के मौन अस्त्र के आगे वह लाचार था और लचर भी। बहुत दिनों तक अपनी जिज्ञासा अपने मन की राख में छुपाए रखा। यह सोच कर कभी अवसर आने पर , कभी लोहा गर्म होने पर उसे पिघला कर पूछेगा कि पंडित जी , किस खान का इस्पात हो तुम ! 

पर अरसा गुज़र गया , ऐसा अवसर कभी पंडित जी ने दिया ही नहीं। पंडित जी उसे बस दवा दुकानदार तक ही बरतते रहे। दोस्त नहीं समझा कभी। हमदर्द नहीं समझा कभी। शायद पूरी सोसाइटी में , इस पचास एकड़ की सोसाइटी में एक भी हमदर्द नहीं था उन का। न ही कोई दोस्त। 

स्त्रियों में पंडित जी बहुत लोकप्रिय थे। लेकिन भर आंख कभी किसी स्त्री की तरफ नहीं देखते कभी। नज़र नीची ही रहती। संबोधन भी बस बेटी , बिटिया , बच्ची , बहन जी तक ही का था। कई बार कीर्तन गाने कुछ स्त्रियां आतीं मंदिर में तो वह कोशिश करते कि मंदिर के बाहर जा कर बैठ जाएं। कई बार पूजन , आरती की बात होती तो स्त्रियों के अनुरोध पर आंख नीची किए बैठ जाते। स्त्रियां ढोल आदि बजा कर कीर्तन या भजन गातीं तो पंडित जी झाल बजा कर उन का साथ दे देते। भक्ति भाव में नत। कुछ स्त्रियां कभी कभार उन के लिए सुस्वाद भोजन भी ले आतीं। कभी घर पर भी भोजन पर बुला लेतीं। घर जाने के लिए वह सकुचा जाते। पर स्त्रियां उन्हें आ कर लिवा ले जातीं। भोजन भी उन का कम ही था। दो रोटी , दाल और सादी सब्जी वाला। पूड़ी , पकौड़ी से वह भरसक बचते। पर शुभ के नाम पर पूड़ी , खीर ही का चलन था। 

सोसाइटी के कुछ पुरुष पंडित जी को बहुत उपेक्षित ढंग से देखते। कुछ तो पाखंडी कहते। खुलेआम कहते। लेकिन वह किसी की किसी बात का कभी बुरा नहीं मानते। न प्रतिवाद करते। ऐसे जैसे पत्थर हों। ख़ूब पानी बरसा हो और बह गया हो। ख़ूब धूप चढ़ी हो और उतर गई हो। ख़ूब आग लगी हो और बुझ गई हो। ऐसा पत्थर आदमी कम ही दीखता है। पर पंडित जी पत्थर थे लेकिन हंसते हुए पत्थर। शीत , घाम , बारिश हर स्थिति में मंद - मंद मुस्कुराते। अधरों - अधरों में मुस्कुराते। गोया गीत गाया पत्थरों ने। 

पंडित जी कोई कथा , कोई प्रसंग भी कभी सुनाते तो बहुत ही निरापद ढंग से। कोई लिप्सा नहीं। कोई मोह नहीं। माया नहीं। बस रस भर कर मुदित हो कर सुनाते। जब वह शंख बजाते तब लोग उन की उम्र देखते और उन की क्षमता को निहारते। एक चड्ढा साहब तो पेट पर हाथ फेरते हुए बोलते , ' बुड्ढे में दम बहुत है। सांस बहुत है। '

अकसर स्त्रियां , व्रत , त्यौहार आदि के बारे में पूछती रहतीं। वह हर किसी को बार - बार पंचांग देख कर बताते-बताते थक जाते। इस का उपाय उन्हों ने एक बड़ा सा गत्ता ले कर , उस पर सफ़ेद कागज चिपका कर , स्केच पेन से हर महीने का व्रत , त्यौहार लिख कर एक दीवार पर टांग देने में ढूंढा । कुछ स्त्रियां अपने बच्चों के भविष्य , उन की पढ़ाई - लिखाई के बारे में जिज्ञासु रहतीं। कुछ अपने पति की शराब छुड़ाने के उपाय पूछतीं। कुछ स्त्रियां पति के दूसरी औरतों से छुटकारे के उपाय , पूजा - पाठ पूछतीं। पंडित जी साफ़ बता देते पूजा -पाठ से शक्ति मिलती है , संबल मिलता है। सहारा मिलता है। पर यह कोई दवा नहीं है कि चार दिन दवा खा कर बीमारी ठीक हो जाएगी। वह बताते बच्चों को उन की दिलचस्पी का विषय दीजिए। उन के साथ मेहनत कीजिए। जैसे कोई कुम्हार मिट्टी से सुराही , घड़ा , दिया , कुल्हड़ आदि बनाता है। देखता है किस मिट्टी से क्या बन सकता है। कितना बन सकता है। वैसे ही मां भी अपने बच्चों का कुम्हार होती है। जैसा चाहती है मां , बच्चा वैसा ही बनता है। वह बताते कि मिट्टी तैयार करने में भी बहुत समय लगता है कुम्हार को। चाक भी बहुत सावधानी से चलाना होता है। ध्यान भी बनाए रखना होता है। नहीं सुराही , घड़ा और घड़ा को सुराही बनते देर नहीं लगती। कई बार मिट्टी ख़राब हो जाती है कुछ नहीं बन पाता। इस लिए बच्चों के साथ पर्याप्त समय बिताना ज़रूरी है। उन के दोस्तों और व्यवहार पर नियंत्रण ज़रूरी है। डिसिप्लिन ज़रूरी है। सख़्ती और प्यार दोनों ज़रूरी है। दोनों का संतुलन और सम्मिश्रण ज़रूरी है। 

शराबी पतियों का शराब छुड़ाने के लिए या दूसरी स्त्रियों का साथ छुड़ाने के लिए भी वह कहते कि अपने व्यवहार को चेक कीजिए। व्यवहार ठीक रहेगा , घर का माहौल ठीक रहेगा तो सब ठीक रहेगा। पति को पर्याप्त समय और सम्मान दीजिए। सब ठीक होगा। स्थिति फिर भी नहीं सुधरती तो किसी साइकेट्रिक से संपर्क कीजिए। भगवद भजन भी कीजिए। पंडित जी हर बात को वैज्ञानिकता की कसौटी पर कसे जाने की बात करते। कहते धर्म , पूजा , पाठ , आस्था का विषय है। श्रद्धा का विषय है। मन की शांति का विषय है। मुद्रा विनिमय का नहीं। व्यापार नहीं है धर्म और पूजा - पाठ। कि इतना रुपया दिया तो यह सामान लिया। 

यह सारी बात वह प्रवचन रूप में नहीं , टुकड़े - टुकड़े में बताते। ऐसे जैसे कोई मां एक-एक निवाला कर के बच्चे को खाना खिलाए। यह निवाला मामा का , यह निवाला नानी का। कुछ स्त्रियां पंडित जी की बात समझ लेतीं। कुछ बिदक जातीं। वह कई बार बातों को किसी कथा में गूंथ कर बताते। उदाहरण दे कर बताते। तुलसीदास की चौपाइयां इस में उन का बहुत साथ देतीं। कभी - कभी कबीर को भी आजमा लेते। रामकथा , महाभारत कथा या अन्य पौराणिक कथाएं लोगों को बहुत सुनाते। विपदा में घिरे लोगों को। साहस बंधाते। सुंदर कांड का पाठ , हनुमान चालीसा का पाठ , हवन , व्रत आदि पारंपरिक बातों की सलाह भी देते। 

सोसाइटी में लोगों के आपसी झगड़े भी बहुत थे। पार्किंग का। कुत्तों का। कूड़े का। एक झगड़ा मेनटेनेंस का भी। किसी के घर से देर रात बजते तेज़ संगीत का। और सब से ज़्यादा झगड़ा ईगो का। पड़ोसी का झगड़ा। घर में सास , बहु , ननद। ऐसे किसी झगड़े का कोई प्रतिकार पंडित जी के पास नहीं था। ऐसे मसलों पर उन का अचूक अस्त्र मौन ही होता। कोई बच्चा तो पूछने आ जाता कि स्विमिंग पुल कब से शुरू होगा ? वह हंस कर रह जाते। थोड़ा रुकते और कहते , ' कल आना। मेनटेनेंस वालों से पूछ कर बता दूंगा। '

वैसे भी उन का नित्यकर्म , नहाना-धोना सब मेनटेनेंस आफिस में ही होता। 

कई बार वह कुछ दुःखी स्त्रियों का दुःख नहीं देख पाते। कुछ स्त्रियों की पीर होती ही पर्वत सी थी। वह उन की बातें सुन कर ख़ुद ही रोने लगते। भरभर रोने लगते। झूठ ही पंचांग इधर - उधर पलटने लगते। कोई उपाय नहीं दीखता। वह चुप हो जाते। सुंदर कांड और हनुमान चालीसा का पाठ बताते हुए कहते देखता हूं और क्या उपाय मिलता है। सूर्य को जल , तुलसी को जल , दीप जैसे उपाय भी अब वह बताने लग गए थे। अंगूठी और पत्थर की तजवीज भी उन के पास आ गई थी। साथ ही गीता का कर्म वाला ज्ञान भी दे देते। बता देते बिना कर्म के कुछ नहीं। कर्म है तो भाग्य है। मुफ्त में कोई भाग्य नहीं। 

एक दिन एक स्त्री बहुत रोने लगी। कहने लगी , ' मेरी पेंशन से ही घर चलता है। पति तो निकम्मा , शराबी था ही , बेटा भी शराबी और निकम्मा हो गया। बहू के चाल चलन ठीक नहीं। कभी पति मुझे पीट देता है , कभी बेटा , कभी बहू। मेरे तो भाग्य ही फूट गए हैं। क्या करुं ! '

' भाग्य तो मेरे भी फूट गए हैं बहन ! ' पंडित जी भर्राई आवाज़ में बोल पड़े , ' मैं कहां जाऊं , क्या करूं ? ' कहते हुए अचानक वह संभल गए और चुप हो गए। 

स्त्री कुछ समझ नहीं पाई। न पंडित जी की बात। न उन का दुःख। न उन की संवेदना। अपने ही दुःख से दबी हुई बोली , ' क्या करूं ? ' वह जैसे गिड़गिड़ाई , ' कोई उपाय बता दीजिए। '

' एक ही उपाय है। ' 

' क्या ? '

' कुछ नहीं। बस चुप रहना सीख लीजिए बहन। सौ दुखों की एक दवा है , चुप रहना। चुप रहने से बहुत से दुःख , बहुत से कष्ट पानी की तरह बह जाते हैं। बात बनती नहीं तो बिगड़ती भी नहीं। कई बार बात बन भी जाती है। ' 

वह स्त्री चली गई। 

हफ़्ते भर बाद वह स्त्री आई। थोड़ी - थोड़ी ख़ुश -ख़ुश। बोली , ' पंडित जी , आप की चुप रहने वाली बात जम गई है। इस हफ्ते किसी ने मुझ पर हाथ नहीं उठाया। ' पंडित जी मंद - मंद मुस्कुरा कर रह गए। चढ़ावे में आए दो सेव उस स्त्री के हाथ में देते हुए बोले , ' कल्याण हो ! ' वह ज़रा रुके और बोले , ' मौन रहना साधना है। कठिन काम है। पर परिवार और समाज में इज्ज़त से रहना है तो यह साधना जारी रखिए बहन। '

स्त्री पंडित जी के चरण-स्पर्श कर के चली गई। 

पंडित जी ख़ुद पहले बहुत बोलते थे। पर ज़िंदगी के इम्तहान में कई बार मुंह की खाने के बाद जान पाए कि चुप रहना भी एक कला है। मौन रहना भी एक साधना है। मौन से बहुत शांति मिलती है। बहुत बोलने का मन करता है तो रामायण का पाठ करने लगते हैं। और शांति मिलती है। सुंदर कांड के पाठ से निर्मल शांति। 

एक दिन दोपहर अचानक दवा दुकानदार जैन मंदिर आ गए। पंडित जी अकेले ही थे। कोई भक्त , कोई जजमान नहीं था। यह देख कर जैन और ख़ुश हो गए। चहकते हुए बोले , ' पंडित यही सही समय है बतियाने का। दुकान पर भी कोई कस्टमर नहीं है और यहां मंदिर में भी नहीं। '

' मंदिर पर लेकिन कस्टमर नहीं श्रद्धालु आते हैं। भक्त और जजमान आते हैं। ' पंडित   जी कुछ बिदक कर , कुछ हंस कर बोले। 

' हां - हां यही बात। ' जैन ने कहा कि दवा लेकिन दोनों ही जगह मिलती है। '

' लेकिन यहां दवा नहीं मिलती। '

' शांति मिलती है। ' जैन अपनी जुबान को लगाम लगाते हुए धीरे से बोले। 

' कोई बात नहीं जैन साहब। पहले बैठिए। और बताइए कैसे आना हुआ। '

' कोई काम नहीं। बस टाइमपास के लिए आ गया। '

' अच्छी बात है। ' पंडित   जी बोले , ' जल लेंगे ? '

' नहीं - नहीं। '

' तो बैठिए ! ' चटाई पर जगह बनाते हुए पंडित जी बोले। 

' और बताइए ! ' 

' मेरा ख़याल है अभी कुछ पैसा आप के पास अतिरिक्त बचा हुआ है। कुछ उधारी नहीं है , हमारी तरफ से। '

' क्यों शर्मिंदा करते हो पंडित  जी ! ' जैन साहब थोड़ा झिझकते हुए बोले , ' कभी आज तक इस बारे में कोई बात की ? कोई तकादा किया ?'

' कभी नहीं। ' पंडित   जी बोले , ' पर इस तरह कभी आए नहीं तो थोड़ा डर लगा। '

' कुछ नहीं पंडित जी। बस दिल की कुछ बात थी। परिवार में कुछ मुश्किलें थीं। उन्हें सुलझाने में कुछ सलाह लेने के लिए चला आया। '

' अच्छा - अच्छा !' पंडित जी बोले , ' बेफिक्र हो कर बताइए। कोशिश करुंगा कि बात बन जाए। '

' मिसेज और मां में मामला बहुत बिगड़ गया है। दोनों में बातचीत बंद है। फ़ुटबाल बन कर रह गया हूं। बीवी समझती है , मां के पल्लू में बंधा हूं। मां समझती है , बीवी के पल्लू में बंधा हूं। दिन भर दुकान पर रहता हूं। खटता हूं। रात घर पहुंचता हूं तो यह नरक। '

' तो मैं इस में क्या कर सकता हूं ?'

' कुछ पोथी - पत्रा देख कर कोई उपाय बता दो पंडित जी ! ' जैन बोले , ' छुट्टी मिले इस नरक से। '

' जैन साहब आप मेरे दोस्त हैं। हमदर्द भी। दुःख-सुख के साथी हैं। आप से झूठ नहीं बोलूंगा। ' पंडित   जी ज़रा रुके और बोले , ' मेरे पास इस बात का कोई समाधान नहीं है। ' 

' कुछ करो पंडित जी ! ' जैन बेकरार हुए। 

' जैन साहब ! मैं न ज्योतिषी हूं , न तांत्रिक। बहुत मामूली सा पंडित हूं। साधारण सा आदमी हूं। क्या बताऊं आप को ? '

' कुछ भी ! '

' गृहस्ती भी नहीं आती। ' पंडित  जी बोले , ' बस दोस्ती के नाम पर एक सलाह दिए देता हूं। वह यह कि एक काम कीजिए कि इस मामले को भूल जाइए। भूल जाइए कि मिसेज और मां में कुछ चल भी रहा है। न्यूट्रल हो जाइए। कोई कुछ कहे कान मत दीजिए। दोनों आपस में ख़ुद सुलट लेंगी। स्त्रियां बहुत समझदार होती हैं। आप का इस में कोई रोल नहीं है। समझिए कि इस ड्रामे में शेक्सपियर ने आप के लिए कोई सीन , कोई डायलॉग लिखा ही नहीं है। बस बात ख़त्म। ' पंडित जी ने अपना आजमाया नुस्खा बताया , ' मौन धारण कीजिए। सौ सवालों का एक जवाब है मौन ! '

' मौन रहने से बात बन जाएगी ?' जैन ने आशंका जताई। 

' आप हैं तो जैन ही न ! ' 

' समझ गया प्रभु ! '

फिर इधर - उधर की बात करते हुए जैन ने पंडित जी के बारे में जानकारी की टोह लेने की एक्सरसाइज़ शुरू की। लेकिन पंडित जी बात का कोई सिरा पकड़ने ही दें। किसी जादूगर की तरह बात सरका कर वर्तमान में आ जाते। बताते कि , ' पास्ट में ऐसा क्या रखा है जो आप बार - बार मेरा पास्ट खोजने लग जाते हैं। अरे मेरा वर्तमान देखिए। और जानिए कि जिस आदमी का वर्तमान इतना साधारण और सरल है उस का पास्ट भी इसी तरह का होगा। न अब कुछ महत्वपूर्ण है , न तब कुछ महत्वपूर्ण था। ' वह बोले , ' सच मानिए जैन साहब , मेरे जीवन में ऐसी कोई उपलब्धि नहीं है , जिस का गुणगान करुं। संघर्ष ही संघर्ष है जीवन में। अमृत नहीं , विष ही विष है जीवन में। '

' और परिवार ?' 

' परिवार होता तो यहां इस तरह निर्वासित जीवन क्यों जीता ? ' पंडित जी ने बिना समय लगाए फटाक से अपनी बात कह दी। और जोड़ा , ' संन्यास का सोचा था पर संन्यासी भी नहीं बन पाया। पंडित  बन गया हूं। पंडित भी क्या मामूली सा पुजारी बन कर रह गया हूं। '

' माता-पिता ? '

' माता - पिता तो सब के ही होते हैं। मेरे भी थे। '

' पढ़ाई - लिखाई ?' 

' की है थोड़ी बहुत। ' पंडित   जी बोले , ' पूजा - पाठ भर के लिए काफी है। कह कर पंडित  जी ने बात खत्म करनी चाही। पर जैन जैसे ठान कर आए थे कि लोगों की कुंडली बांचने वाले पंडित की कुंडली वह जान कर ही आज उठेंगे। और जब बहुत कुरेदने लगे जैन साहब तो पंडित जी की आंख डबडबा गई। बोले , ' जैन साहब , जापान में आत्महत्या की एक पद्धति है हाराकिरी। हाराकिरी में आदमी धीरे - धीरे ख़ुद को काटता रहता है। अपने को तकलीफ देता रहता है। तब तक काटता रहता है , जब तक जान न चली जाए। उस कटे पर नमक डालता रहता है। तकलीफ बढ़ती जाती है। ऐसे वह पंद्रह दिन में भी अपने को खत्म कर सकता है , महीने - दो महीने में भी।  ' पंडित  जी बोले , ' मैं हिंदू हूं। ब्राह्मण हूं। आत्महत्या को पाप मानता हूं। इस लिए आत्महत्या नहीं की। न करुंगा। पर वह जो कहते हैं न , हाराकिरी ! वह मैं अनायास कर रहा हूं। आहिस्ता - आहिस्ता ! ज़िंदा हूं पर ख़ुद को तकलीफ तो दे ही रहा हूं। ' कह कर पंडित जी चुप हो गए। जैन भी चुप ही रहे। 

थोड़ी देर बाद चुप्पी तोड़ते हुए पंडित जी बोले , ' सब के जीवन में कुछ ब्लैक एंड ह्वाइट होते हैं। ब्लैक स्पॉट भी होते हैं। मेरे जीवन में भी हैं। कुछ लोग , कुछ कह देते हैं। कुछ लोग नहीं कह पाते। ' वह बोले , ' जैन साहब बताऊं आप को कि पुरोहित का काम , पंडित  का काम ब्राह्मणों के बीच बहुत सम्मान का काम नहीं माना जाता। अपमानित करने वाला काम माना जाता है। बहुत मज़बूरी में कोई ब्राह्मण यह काम हाथ में लेता है। मेरी भी कुछ वैसी ही मज़बूरी हो चली है। यह मेरा काम नहीं है। मेरा काम पहले कुछ और था। पर गुमनामी की मज़बूरी में यह काम कब करने लग गया पता ही नहीं चला। '

' गुमनामी की क्या मज़बूरी आ गई। ' जैन ने संकोचवश पूछा। 

' बस आ गई जैन साहब। ' वह बोले इस के आगे कोई प्रश्न नहीं पूछें तो अच्छा लगेगा। ' वह बोले , बस एक संघर्ष समझ लीजिए। और संघर्ष का भी अपना सौंदर्य होता है। '

जैन ने हाथ जोड़ कर हामी भरी। थोड़ी देर दोनों फिर चुप हो गए। अचानक पंडित जी मुस्कुराए और बोले , ' जैन साहब अभी जो भी बात हुई हम दोनों के बीच , भूल जाइए कि कोई बात हुई। हम ने सिर्फ़ आप से अपना दुःख साझा किया। इस दुःख की चर्चा किसी और से कर के आप मेरा कभी मज़ाक नहीं उड़ाएंगे , ऐसी उम्मीद तो आप से कर ही सकता हूं। आख़िर , आप हमारे दोस्त हैं। सच्चे दोस्त !' 

' निश्चिंत रहो पंडित  जी ! ' जैन ने हाथ जोड़ कर कहा। 

' तो एक काम और ! ' 

' बताइए ! ' 

' वैसे तो आप हैं ही , हमारे अजीज दोस्त पर यह एक मोबाईल नंबर नोट कर लीजिए। और जो कभी हमारे साथ कोई अनहोनी हो जाए। हम मर - मरा जाएं , तभी इस नंबर पर फ़ोन कर सूचना या जानकारी एक बार ज़रूर दे दीजिएगा। उस के पहले कभी भूल कर भी कोई फ़ोन इस नंबर पर मत कीजिएगा। अगर कर दीजिएगा तो हमारी आप की दोस्ती हमेशा के लिए ख़त्म। '

' ऐसा कभी सपने में मत सोचो पंडित जी ! ' 

' विश्वास किया है तो कुछ सोच - समझ कर ही। ' वह बोले , ' और हां , यह नंबर भी किसी और से कभी शेयर मत कीजिएगा। आप को मेरी क़सम है। '

' निश्चिंत रहो पंडित जी ! '

' आप मुझ से उम्र में कुछ क्या बहुत कम हैं , जैन साहब ! पर भरोसा हम आप पर ख़ुद से ज़्यादा करते हैं। हमारे शुगर की ही नहीं , हमारी ज़िंदगी की भी इंसुलिन हैं आप। ' उन्हों ने जैसे जोड़ा , ' उम्मीद है आप इस बात को समझते होंगे। '

जैन ने आंख झुका कर , हाथ जोड़ कर हामी भरी। और आहिस्ता से पूछा कि , ' यह है कौन ? ' 

पंडित जी ने अपने होठ पर अंगुली रख कर चुप रहने को कह दिया। जैन साहब ने कहा , ' ठीक है पंडित  जी , अब चलता हूं ! '

'ठीक बात है ! ' वह बोले , ' हां , वह मौन वाली बात याद रखिएगा। भूलिएगा मत। '

' बिलकुल नहीं ! ' कह कर जैन ने पंडित जी के अचानक चरण-स्पर्श किए।

' सर्वदा स्वस्थ और प्रसन्न रहिए ! '

जैन के जाने के बाद पंडित जी चटाई पर पेट के बल लेट गए। लेट कर रोने लगे। हिचक - हिचक कर रोने लगे। सिसकियां थीं कि बंद ही नहीं हो रही थीं। 

दिनचर्या किसी के रोने या किसी के कुछ कहने सुनने से किसी की नहीं रुकती। पंडित जी की भी नहीं रुकी। 

सोसाइटी वाले वैसे भी मंदिर का उपयोग पूजा - पाठ के लिए कम , इवेंट आदि के लिए ज़्यादा करते थे। उन के लिए मंदिर , त्यौहार जश्न मनाने का एक औज़ार भर था। इस सोसाइटी में ज़्यादातर अमीर लोग ही थे। बड़े - बड़े फ़्लैट , बड़ी - बड़ी गाड़ियां। ख़ूब पैसा। यही ज़िंदगी थी उन की। पंडित जी को पैसे आदि से चिढ़ नहीं थी। इवेंट से भी नहीं। बस वह चाहते थे कि मंदिर का उपयोग इवेंट के लिए न किया जाए। पूजा - पाठ ही हो मंदिर में। लेकिन क्या यह नवरात्र , क्या वह नवरात्र मंदिर में पंडित  और पूजा की जगह डी जे , डांस , पार्टी ही पर फोकस रहता। पानी की तरह पैसा बहता। लाखो रुपए चंदे में आते और चार दिन में कपूर की तरह उड़ जाते। पंडित जी अपनी सीमा जानते थे सो चुप रह जाते। शुरू में कमेटी की मीटिंग में उन्हों ने कहा ज़रूर कि नाच गाना क्लब हाऊस का सब्जेक्ट है। मंदिर का नहीं। लेकिन उन की इस बात की किसी ने नोटिस नहीं ली। उन्हों ने भी फिर जोर नहीं दिया। ग़नीमत यही थी कि जो भी ढोल-तमाशा होता रात दस बजे तक ही। फिर शांति। भंडारा भी ख़ूब होता। 

शुरू में एक डाक्टर आए। तीन-तीन करोड़ रुपए के दो फ़्लैट ख़रीदे। आमने-सामने। दोनों को मिला कर आठ करोड़ रुपए उस के रिनोवेशन पर खर्च कर दिए। फ़्लैट का इंटीरियर ही नहीं , भीतर - भीतर ले आऊट भी बदल दिए। इटैलियन मार्वल की बड़ी चर्चा थी। एक बार मॉर्निंग वाक में किसी ने डाक्टर साहब से कहा , ' इस से तो बेहतर था कि आप ज़मीन ख़रीद कर अपनी कोठी बना लिए होते। ' और जब यह बात और भी कई लोगों ने उन से कही तो वह बोले , ' आप लोग मुझे बेवकूफ समझ रहे हैं। पर बात यह है कि मेरे पास बड़ा सा बंगला भी है। पर तमाम सिक्योरिटी रखने के बावजूद मैं उस बंगले में सुरक्षित नहीं था। कभी भी मेरा अपहरण हो सकता था। कभी भी कोई लूट सकता था। अपहरण और लूट से बचने के लिए इस सोसाइटी में आया। यहां सिक्योरिटी टाइट है। कई गेट हैं। कोई किसी का अचानक अपहरण नहीं कर सकता। गोली नहीं मार सकता। इस लिए यहां आया हूं। पैसा है , अपने शौक़ पर खर्च कर रहा हूं। ' 

तरह - तरह के लोग थे , तरह - तरह के ख़याल थे लोगों के। 

एक मंदिर भी है इस सोसाइटी में , एक पंडित  भी है इस मंदिर में लोग शायद कम ही जानते थे। बहुत से लोग आते भी नहीं थे मंदिर। 

एक संडे को पंडित जी टाइम्स आफ इंडिया पढ़ते हुए अचानक पकड़ लिए गए। एक श्रद्धालु ने चकित हो कर पूछा भी कि , ' पंडित  जी , आप इंग्लिश अख़बार पढ़ रहे हैं ? '

' अरे नहीं , फ़ोटो देख रहा था। ' बात टालते हुए पंडित जी ने अख़बार किनारे रख दिया। सवाल पूछने वाला युवा था। फ़ोटो देखने वाली बात उसे हजम नहीं हुई। पर वह जल्दी में था। सो निकल गया। लेकिन रात में अपनी पत्नी को उस ने यह बात बताई कि आज पंडित जी को टाइम्स आफ इंडिया पढ़ते देखा। तो पत्नी ने भी बात आगे बढ़ाई और कहा कि पंडित जी वैसे भी आम पुजारियों की तरह चालू बात नहीं करते। छुआछूत और पाखंड वाली बात नहीं करते। लालच नहीं करते। काम से काम रखते हैं और कि  पढ़े - लिखे लगते हैं। 

पंडित जी वैसे तो कोई अख़बार अपनी तरफ से नहीं मंगवाते। पर अकसर लोग अख़बार लिए हुए मंदिर आते। बैठ कर अख़बार पढ़ते। कभी-कभार भूलवश अख़बार छोड़ जाते। अख़बार हिंदी का हो , अंग्रेजी का। पंडित जी को फ़र्क नहीं पड़ता। उठा कर पढ़ डालते। टी वी था नहीं मंदिर में। कभी-कभार किसी के घर पर भोजन के समय देख लेते। मोबाईल भी उन का स्मार्ट वाला नहीं था। मामूली सा था। बस फ़ोन करने , रिसीव करने से ही उन का काम चल जाता। पैसे ही नहीं थे कि स्मार्ट फोन की सोच भी सकें। ज़रूरत भी नहीं थी। तब जब कि काम वाली बाइयों , सफाई कर्मियों , सिक्योरिटी गार्डों तक के पास अब स्मार्ट फोन अब आम बात थी। स्मार्ट फ़ोन पर फ़ेसबुक , वाट्सअप और अन्य सोशल मीडिया का उपयोग भी अब सामान्य बात थी। 

किसी बात पर पंडित जी किसी से तर्क - वितर्क भी नहीं करते। मंदिर आ कर भी लोग राजनीतिक बात करते। पंडित जी किसी से राजनीतिक बहस में भी नहीं पड़ते थे। कुछ लोग कुरेदते थे कि आख़िर आप की भी कोई राय होगी। पंडित जी अकसर चुप रहते। कोई बहुत पीछे पड़ता तो कहते , ' हम तो बस भगवद भजन में ही रमे रहते  हैं। हमारे भगवान जी हमें कुछ और सोचने ही नहीं देते। '

अगला चुप हो जाता। 

राजनीति वैसे भी उन्हें नहीं सुहाती थी। इस लिए वह इस सब से भरसक दूर रहते थे। कभी - कभार सोसाइटी के पदाधिकारी अपने टैंपो हाई करने के लिए किसी विधायक , किसी सांसद , किसी मंत्री आदि को किसी कार्यक्रम में चीफ़ गेस्ट बना कर ले आते तो उसे कई बार मंदिर भी ले आते। मंदिर आ कर तमाम फ़ोटो आदि भी खिंचवाते। पंडित जी उस फ़ोटो सेशन आदि से भी बाक़ायदा दूरी बना कर रहते। टीका लगा देते। कलावा बांध देते। कोई चरण-स्पर्श करता तो उसे आशीष भी ख़ूब देते। प्रसाद भी देते। पर फ़ोटो में नहीं आते। कोई अगर प्रसाद देते , टीका लगाते , कलावा बांधते समय फ़ोटो खींचता तो वह अपना सिर इतना झुका लेते कि चेहरा फ़ोटो में न आ सके। लोग अकसर इस बात पर पंडित जी को टोकते। तो वह या तो हमेशा की तरह चुप लगा जाते। या फिर बड़ी विनम्रता से कहते , ' जिस ने भगवान के साथ अपनी फ़ोटो खिंचवा ली हो , वह किसी नेता , मंत्री के साथ फ़ोटो खिंचवा कर क्या करेगा ? '

लोग चुप हो जाते। 

पंडित जी के साथ वक़्त ने भले वफ़ा नहीं किया था पर उन्हें वक़्त से क्या किसी भी से कोई शिकायत नहीं थी। सालों से सोसाइटी के मंदिर और लोगों की सेवा करते हुए कभी किसी भी एक विवाद में पंडित जी का नाम नहीं आया। ऐसे जैसे पंडित जी का अपना कोई अस्तित्व ही न हो। न उन की कोई अच्छाई बतियाता न कोई बुराई बतियाता। पंडित जी यही चाहते थे। चाहते थे कि कभी किसी बिंदु पर कोई उन की चर्चा न करे। बतौर पंडित लोकप्रिय भी नहीं होना चाहते थे। तब जब कि उन के काम और व्यवहार से हर कोई ख़ुश था। पंडित जी के पास अध्ययन और अनुभव का खजाना था पर वह सब के सामने अनभिज्ञ बने रहते। साधारण और सामान्य बने रहते। चुप - चुप रहते। बहुत कहने पर भी वह कहीं किसी के घर कथा बांचने नहीं जाते। जब कि सत्यनारायण कथा की मांग बहुत होती। किसी शादी आदि , श्राद्ध - व्राद्ध में भी कभी नहीं जाते। कोई बहुत पीछे पड़ता तो हाथ जोड़ कर , संकोच में डूब कर कहते , ' बहुत मामूली पुजारी हूं। पूजा ही जानता हूं। वह भी सिर्फ़ मंदिर में। ' वह जैसे जोड़ते , ' मंदिर में पूजा के अलावा कुछ और आता ही नहीं। क्या करूं ? ' यह सब भी वह ऐसे कहते जैसे किसी कसाई के आगे कोई गाय खड़ी हो। अगला आदमी उन पर तरस खा कर सरक जाता। 

पंडित जी का ज़्यादातर समय पूजा और अध्ययन में ही बीतता। गीता प्रेस से प्रकाशित पुस्तकों में वह जैसे अपनी राह खोजते मिलते। रामायण , गीता ही नहीं और भी पुस्तकें। वह लोगों को बताते कि रामायण या गीता धार्मिक पुस्तकें नहीं हैं। कर्म और जीवन प्रधान रचनाएं हैं। श्रद्धावश लोगों ने इन्हें धार्मिक ग्रंथ बना लिया है। पूजा - पाठ के निमित्त अकसर एक सुना - सुनाया क़िस्सा सुनाते। 

एक दिन नारद मुनि ने नारायण से पूछा , ' प्रभु  , आप का सब से बड़ा भक्त कौन है ? '

' पृथ्वी लोक में फला जगह , फला गांव में फला नाम का एक किसान है। ' नारायण ने कहा। 

' मुझ से भी बड़ा ? ' नारद ने पूछा। 

' एक बार देखो तो सही। '

नारद पृथ्वी लोक गए। उस किसान को लगातार देखते रहे। दिन - प्रतिदिन। कुछ दिन बाद नारद लौटे तो नारायण को बताया कि वह किसान तो सुबह उठता है। नित्य क्रिया करता है। अपने गाय , बैल को खिलाता है। ख़ुद भी कुछ खा कर खेत चला जाता है। दिन भर खेत पर काम करता है। शाम को लौट कर गाय , बैल को खिला कर , खुद खा कर सोने चला जाता है। सोने के पहले नारायण , नारायण ! कहता है और सो जाता है। बस। 

' फिर ? ' नारायण ने पूछा। 

' लेकिन मैं तो दिन - रात नारायण , नारायण का जाप करता रहता हूं। जब कि वह किसान रात में सोते समय सिर्फ़ एक बार। '

' ऐसा करो नारद , एक कटोरा लो। उस में तेल भर लो। और उस तेल भरे कटोरे को ले कर पृथ्वी की परिक्रमा कर के आओ। ' भगवान ने कहा , ' बस ध्यान यह रखना कि कटोरे से तेल एक बूंद भी कहीं नहीं छलके। ' 

नारद ने कटोरा लिया। तेल भरा। पृथ्वी की परिक्रमा की। नारायण के पास आए और बोले , ' देखिए प्रभु , पृथ्वी की पूरी परिक्रमा कर ली। कटोरे से एक बूंद तेल भी नहीं छलका। '

' बहुत सुंदर ! ' नारायण ने कहा , 'यह तो बहुत बढ़िया किया। पर यह बताओ कि , इस बीच मेरा नाम कितनी बार लिया ?' 

नारद यह सुन कर हकबका गए। बोले , ' प्रभु एक बार भी नहीं। सारा ध्यान तो कटोरे से तेल न छलके , इसी पर लगा रहा। इस चक्कर में आप का नाम लेना ही भूल गया। ' नारद बोले , ' क्षमा कीजिए प्रभु ! यह ग़लती हो गई। '

' ग़लती नहीं है यह नारद। बात अभ्यास की है। भक्ति की है। ' भगवान बोले , ' इसी लिए वह किसान मेरा सब से बड़ा भक्त है। दिन भर की मेहनत , तमाम दुःख - सुख भोगते हुए , सारा काम निपटाते हुए रात में सोते समय वह मुझे कभी नहीं भूलता। प्रतिदिन मेरा नाम ले कर मुझे एक बार याद ज़रूर करता है। नाम लेने के बाद ही सोता है। ' भगवान बोले , ' इसी लिए वह मेरा सब से बड़ा भक्त है। '

नारद चुप रह गए। 

पंडित जी बताते , ' भक्ति ऐसे ही होती है। भगवान मन में होने चाहिए। भगवान के प्रति दिखावा नहीं श्रद्धा होनी चाहिए। '

लोग श्रद्धावनत हो कर चले जाते। 

ऐसी ही कुछ श्रद्धालु स्त्रियां थीं जो पंडित जी का बहुत मान रखती थीं। पंडित जी भी उन स्त्रियों की श्रद्धा भरी भावुकता में लिपट कर पाखंड में चाहे - अनचाहे फंस जाते। जैसे कुछ निराजल व्रत होते। स्त्रियां कभी किसी अस्वस्थता , किसी लाचारी में निराजल व्रत रखने में मुश्किल बता कर , पंडित जी से अनुरोध करतीं कि हमारे हिस्से का निराजल व्रत पंडित जी रख लें। ऐसा कोई प्राविधान तो धर्म में नहीं है लेकिन जैसे किसी गर्भवती स्त्री या बहुत बीमार स्त्री के लिए पंडित जी लोगों ने उपाय बना दिया था कि ऐसी स्त्रियों का व्रत उन के पति रख लें या कोई अन्य परिजन या फिर कोई ब्राह्मण। धीरे-धीरे यह निराजल व्रत का बोझ ब्राह्मणों के ऊपर आ पड़ा। पर गुपचुप। कोई स्त्री यह नहीं बताती कि हमारे हिस्से का व्रत फला पंडित ने कर रखा है। स्त्रियां इस निराजल व्रत के लिए पंडित जी को बड़ी दक्षिणा भी नक़द देतीं। पर सब कुछ गोपनीय रहता। ज़्यादातर यह सब धनाढ्य स्त्रियां करतीं। लेकिन यहां तो इस सोसाइटी के मंदिर के पंडित जी स्त्रियों के हिस्से का निराजल व्रत भी रख लेते और इस के बदले कोई नक़द दक्षिणा भी नहीं लेते थे। एक पैसा नहीं। बस सहयोग भाव में रहते। जैसे करवाचौथ , तीज आदि के व्रत। 

तो हर बार की तरह इस बार भी पंडित जी तीज का निराजल व्रत रखे हुए थे। क़ायदे से पंडित जी को इस से बचना चाहिए था। दवा का फार्मूला जानते थे तो यह भी ज़रूर जानते रहे होंगे कि शूगर के मरीज को कभी निराजल व्रत भूल कर भी नहीं रखना चाहिए। बिना पानी , बिना भोजन की देह जान की दुश्मन हो जाती है। वह भी बूढ़ी देह। लेकिन स्त्रियों की भावुकता भरी लहर में लिपट कर हर बार की तरह इस बार भी निराजल व्रत रख लिया। एक दिन पहले जैन की दवा दुकान बंद थी। इस लिए एक दिन पहले भी दोनों टाइम इंसुलिन नहीं ले पाए थे। तीज के दिन तो निराजल था ही। इंसुलिन तो छोड़िए , कोई दवा भी नहीं ली। तिस पर बारिश भी बहुत तेज़ थी। मूसलाधार। मंदिर में अकेले थे पंडित जी। चटाई पर लेटे हुए। दोपहर हो गई थी पर बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही थी। बारिश जब दिन के कोई तीन बजे रुकी तो दवा दुकानदार जैन को ध्यान आया कि दुकान बंद होने के कारण पंडित जी कल भी इंसुलिन लेने से वंचित रह गए थे , आज भी दिन के तीन बज गए थे। सो जैन ख़ुद इंसुलिन की सूई ले कर मंदिर पहुंचे। पंडित जी लेटे पड़े थे। 

' ओ पंडित जी , उठो ! ' जैन ने आवाज़ लगाई , ' बारिश बंद हो गई है। उठो ! '

लेकिन पंडित जी न कुछ बोले , न उठे। 

' कितना सोते हो पंडित ! ' जैन ज़रा ऊंची आवाज़ में बोले , ' वह भी दिन में। '

पंडित फिर भी चुप रहे। 

' अरे , तुम्हारी इंसुलिन ले आया हूं। कल भी नहीं लगाई थी , आज तो लगा लो। ' जैन बोले , ' सवा तीन बज रहे हैं। वैसे ही बहुत लेट हो गया है। ' 

लेकिन पंडित जी कुछ बोले नहीं। तो जैन ने उठ कर उन्हें हिलाया। झिंझोड़ा। पंडित जी तो निस्तेज हो गए थे। इधर - उधर हिलाया जैन ने। कहा , ' पंडित कुछ तो बोलो ! ' 

पंडित जी ख़ामोश थे। अब क्या बोलते। जैन दहाड़ मार कर रो पड़े , ' पंडत , पंडत कुछ तो बोलो ! '

जैन की दहाड़ भरी रुदन सुन कर एक सिक्योरिटी गार्ड दौड़ कर आया। जैन को संभालते हुए बोला , ' क्या हुआ सर !' 

' लगता है पंडित हम को छोड़ कर चला गया ! ' कह कर जैन की हिचकियां बढ़ गई। स्त्रियों की तरह वह पंडित - पंडित कह कर हिचक - हिचक कर रोने लगा। सिसकने लगा। 

गार्ड ने फ़ोन कर एक और गार्ड को बुला लिया। 

पंडित जी को हिला - डुला कर दोनों गार्डों ने देखा। फिर सिक्योरिटी इंचार्ज को फोन किया। अब पूरी सोसाइटी में पंडित जी के निधन की ख़बर फैल गई। तमाम वाट्सअप ग्रुप पर पंडित जी के निधन की ख़बर और तेज़ी से फैली। लोग पंडित जी को श्रद्धांजलि देने लगे। मंदिर आने लगे। स्त्रियों का जैसे हुजूम उमड़ आया। तीज के निराजल व्रत के बावजूद रोती-बिलखती स्त्रियों से मंदिर परिसर भर गया। 

ऐसी भीड़ तो मंदिर में जब कभी कोई भंडारा होता था , त्यौहार होता था , तब भी नहीं होती थी। आसमान में बादल भरे थे , लोगों की आंखों में आंसू। इस भीड़ में वह स्त्रियां भी थीं जिन के हिस्से का तीज का निराजल व्रत पंडित जी रखे हुए थे। धीरे - धीरे पता चला एक दो नहीं , दर्जनों स्त्रियों के हिस्से का निराजल व्रत थे पंडित जी। यह स्त्रियां पंडित जी के शोक में कुछ ज़्यादा रो रही थीं। खुद व्रत नहीं थीं , निराजल। सो रोने की शक्ति भी थी। भरपूर थी। वैसे भी किसी के निधन पर स्त्रियां जितना रोती हैं , कोई नहीं रोता। फिर यहां तो इन स्त्रियों के अपने पंडित जी का निधन हुआ था। जिन पंडित जी में यह स्त्रियां , पुजारी से ज़्यादा पिता या भाई का रूप देखती थीं। 

अमूमन लोग समझते थे कि पंडित जी अनाथ हैं। उन का कोई नहीं है। उन का कोई परिवार नहीं है। लेकिन पचास एकड़ की सोसाइटी वाला यह मंदिर परिसर बता रहा था कि पूरी सोसाइटी उन का परिवार थी। जो लोग पंडित जी को बड़ी उपेक्षा और अपमान भरी दृष्टि से देखते थे , वह भी मंदिर परिसर में शोकाकुल दिख रहे थे। वह कुछ टीनएज बच्चे भी जिन्हें पढ़ने में पंडित जी ने दिशा और रौशनी दिखाई थी , उन की आंखें भी बरस रही थीं। 

दवा दुकानदार जैन जो पंडित जी को निपट अकेला समझता था , समझता था कि अगर इस अकेले पंडित जी का कोई है तो बस मैं ही हूं , कोई और नहीं। लेकिन जैन देख रहा था कि पंडित तो सब का था। पंडित तो हर किसी का था। अकेला नहीं था। पंडित पुजारी का काम भले करता था मंदिर में पर पूरी सोसाइटी उस की पुजारी थी। तो शायद इस लिए कि पाखंड से रहित व्यवहार था उस का। हर परिवार को सही सलाह और सही दृष्टि दी थी। बिना किसी लालच और लोभ के। यह सब सोचते हुए जैन को अचानक याद आया कि पंडित ने एक मोबाईल नंबर दिया था , यह कहते हुए कि अगर मैं मर - मरा जाऊं तो इस पर सूचना दे देना। जैन अपनी दुकान की तरफ भागा। जहां एक डायरी में उस ने वह नंबर नोट कर के रखा था। मोबाईल में इस लिए नहीं सेव किया था कि कहीं ग़लती से भी वह नंबर लग गया , दब गया तो पंडित को दिया वादा टूट जाएगा। पंडित ने वादा लिया था कि , ' मरने के पहले कभी भूल कर भी कोई फ़ोन इस नंबर पर मत कीजिएगा। अगर कर दीजिएगा तो हमारी आप की दोस्ती हमेशा के लिए ख़त्म। ' जैन ने दुकान पहुंच कर डायरी से वह मोबाईल नंबर निकाल कर मिलाया। नंबर उठ नहीं रहा था। बार - बार मिलाने पर भी। थक गए जैन नंबर मिलाते - मिलाते। थोड़ी देर बाद अचानक उस नंबर से जैन के नंबर पर फोन आया। उस ने लगभग डपटते हुए बताया कि , ' मैं एक ज़रूरी मीटिंग में हूं। आप बार-बार फोन क्यों कर रहे हैं। फिर यह मेरा पर्सनल नंबर है। आप को कहां से मिला ? आप हैं कौन ? '

अचानक ऐसी डांट और इतने सवालों से जैन घबरा गए। फिर भी दबी जुबान बोले , ' आप मृत्युंजय मिश्रा को जानते हैं ? '

' अरे हां ! ' मृत्युंजय मिश्रा नाम सुनते ही वह आदमी अचानक द्रवित हो गया। रुआंसा हो गया। बोला , ' हमारे बाबू जी हैं वह। कैसे हैं वह , कहां हैं ? ' वह अपनी सिसकियां रोकते हुए बोला , ' आप कहां से बोल रहे हैं ? पता लिखवाइए अपना। और उन्हें संभाल कर रखिए। मैं आता हूं। कहीं जाने मत दीजिएगा उन को। '

' पर वह तो चले गए ! ' जैन की रुलाई फूट गई। 

' कहां ? '

' भगवान के पास !' 

' ओह ! कैसे ? ' वह आदमी बेहिसाब रोने लगा। ज़रा संभला तो बोला , ' आप उन की बॉडी संभाल कर रखिए। पता लिखवा दीजिए। जैसे भी हो मैं पहुंचता हूं। '

जैन ने नोएडा का पता लिखवा दिया तो वह बोला , ' अभी मैं मुंबई में हूं। पहुंचने में कुछ घंटा लग सकता है। पर बाबू जी की बॉडी संभाल कर रखिएगा। अंतिम संस्कार वगैरह मत कीजिएगा। वह लावारिस नहीं हैं। भरापुरा परिवार है उन का। '

' निश्चिंत रहिए। आप आराम से आइए। ' जैन बोला , ' कोई कुछ नहीं करेगा। '

जैन मंदिर आए तो देखा कि मंदिर कमेटी वालों ने पंडित जी का शव मंदिर से निकाल कर बाहर रख दिया था। चादर उढ़ा दिया था , शव पर और अंतिम क्रियाकर्म के लिए तैयारी शुरू कर दी थी। जैन ने मंदिर कमेटी के एक सदस्य को एक तरफ ले जा कर बताया कि , ' पंडित जी के परिवार से संपर्क हो गया है। उन का बेटा मुंबई से आ रहा है। इस लिए क्रियाकर्म की तैयारी का काम अभी रोक दिया जाए ! '

' अरे पंडित जी की फेमिली मिल गई है , इस से अच्छी बात क्या होगी ! ' फिर उस ने शक़ जताया कि अगर बेटा ट्रेन से आएगा तो बहुत टाइम लग जाएगा। बॉडी ख़राब हो सकती है। '

' बर्फ की सिल्लियां मंगवा लेते हैं। ' जैन ने कहा , ' उसी पर लिटा देते हैं। नहीं ख़राब होगी बॉडी। '

' यह भी ठीक है। '

सोसाइटी में बड़ी तेज़ चर्चा फ़ैल गई कि पंडित जी की फेमिली भी है। वाट्सअप ग्रुपों पर तरह - तरह के डिस्कशन और खुलासे शुरू हो गए। शोक संदेश की जगह गॉशिप शुरू हो गई। गॉशिप पर गॉशिप ! पंडित जी और उन की फेमिली को ले कर। मुख्य प्रश्न यह था कि पंडित जी अपनी फेमिली से दूर क्यों थे। आना - जाना क्यों नहीं था। क्या पंडित का बेटा मुंबई में लेबर है ? आदि - इत्यादि। कुछ लोगों ने हस्तक्षेप करते हुए कहा भी कि पंडित जी सम्मानित व्यक्ति हैं , उन के बारे में कोई ऐसी - वैसी बात नहीं होनी चाहिए। शोक का समय है , शोक ही रहना चाहिए। 

थोड़ी देर बाद सोसाइटी में अचानक कुछ गाड़ियां आईं। पता चला कि इनकम टैक्स विभाग के लोग हैं। इनकम टैक्स के बड़े - बड़े अफसर। कर्मचारी। इनकम टैक्स कमिश्नर। कुछ व्यापारी भी। लोगों का माथा ठनका। पता चला कि पंडित जी का बेटा मुंबई में मज़दूर नहीं , इनकम टैक्स का बड़ा अफ़सर है। प्रिंसिपल चीफ़ कमिश्नर यानी प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त है। उस के अंडर कई इनकम टैक्स कमिश्नर आते हैं। इनकम टैक्स के इन लोगों ने पंडित जी के शव को रेफ्रिजरेटेड कैस्केट मंगवा कर उस में रखवा दिया। सब ने उन के शव को पारंपरिक रूप से श्रद्धा के फूल चढ़ाए। जितना औपचारिक और सरकारी सम्मान और प्रोटोकाल मुमकिन था , सब हुआ।  

सोसाइटी के वाट्सअप ग्रुपों पर अब डिस्कशन की हवा फिर बदल गई। श्रद्धा के फूल बरसने लगे। सादा जीवन , उच्च विचार के स्लोगन पंडित जी के लिए शुरू हो गए। इसी बीच एक और नई ख़बर आई कि पंडित जी तो दिल्ली यूनिवर्सिटी में केमिस्ट्री के रीडर रहे थे। यह ख़बर भी बात - बात में इनकम टैक्स के लोगों से मिली। अब तो जैसे पंडित जी के लिए सारे वाट्सअप ग्रुप पर श्रद्धा के साथ - साथ आदर और पूजा के फूल भी बिछने लगे। लोगों ने पुरानी अप्रिय टिप्पणियां डिलीट करनी शुरू कर दी। माहौल ऐसा बना जैसे सोसाइटी से एक महापुरुष चला गया है। 

कोई ग्यारह बजे रात में पंडित जी यानी मृत्युंजय मिश्रा का बेटा भी मुंबई से आ गया। सपरिवार। शव से लिपट कर फफक - फफक कर रोया। बाबू जी , बाबू जी कह कर रोया। पूरा परिवार रोया। सोसाइटी के लोग भी रोने लगे। दिल्ली के मॉडल टाऊन कालोनी में बंगलानुमा उन का घर था। जिसे मृत्युंजय मिश्रा यानी पंडित जी ने ही बनवाया था। सो वह रात में ही पंडित जी के शव को अपने मॉडल टाऊन वाले घर ले गए। सोसाइटी के कुछ लोग भी उन के शव के साथ मॉडल टाऊन गए। ख़ास कर मंदिर कमेटी के लोग। दूसरे दिन निगमबोध घाट पर पंडित जी की चिता को उन के बेटे ने मुखाग्नि दी। मॉडल टाऊन कॉलोनी के कुछ लोग , दिल्ली यूनिवर्सिटी के लोग , पंडित जी के विद्यार्थी , इनकम टैक्स के तमाम लोगों के साथ ही दवा दुकानदार जैन , सोसाइटी के भी तमाम लोग भी निगमबोध घाट पर पंडित जी को अंतिम विदा देने के लिए उपस्थित थे। वह जो कहते हैं , नम आंख से सब ने विदा दी। पंडित जी की श्रद्धा में सब के सिर नत थे। क्या सोसाइटी , क्या यूनिवर्सिटी हर कहीं के लोग पंडित जी के व्यक्तित्व के बखान में खर्च होते रहे। सोसाइटी के लोग तो नहीं पर यूनिवर्सिटी के लोग , मॉडल टाऊन के लोग पंडित जी के सारे बखान के बाद एक लेकिन लगा देते थे। वह लेकिन क्या था , सोसाइटी के लोग जानने के लिए बहुत उत्सुक थे। लेकिन जान नहीं पा रहे थे। खुल कर न कोई कह पा रहा था , न कोई पूछ पा रहा था। पंडित जी का व्यक्तित्व ऐसा था कि उन का नाम लेते ही एक गरिमाबोध लोगों के मन में आ जाता था और लोग चुप लगा जाते थे। 

मृत्युंजय मिश्रा को मुखाग्नि देने के बाद परंपरा के मुताबिक़ बेटे ने यमुना के जल में मां का सिन्होरा प्रवाहित किया। सिन्होरा में रखे सिंदूर से यमुना का जल तब लाल-लाल हो गया था। तब लगा था , जैसे जल में अग्नि प्रवाहित कर दी है। इस आग में वह जल-जल गया। इस आग की आंच में पिघल-पिघल गया। लेकिन किसी से कुछ कह नहीं पाया। अपने आंसू , ख़ुद ही पीता रहा। चुपचाप। 

अंत्येष्टि के बाद पंडित जी का बेटा , सपरिवार प्रतापगढ़ के अपने गांव चला गया। श्राद्ध के लिए। श्राद्ध के दिन सोसाइटी के कुछ लोग भी प्रतापगढ़ में पंडित जी के गांव पहुंचे। चर्चा वहां भी बहुत थी। परंतु एक लेकिन के साथ। लेकिन था कि खत्म नहीं हो रहा था। लेकिन गांव ऐसा बेदिल होता है कि सारी श्रद्धा और सारी महानता को एक सांस में सोख लेता है। हर गांव में कुछ मुंहफट और अभद्र लोग होते हैं जो फटी चादर को और फाड़ देने के जुगाड़ में लगे रहते हैं। लगे क्या रहते हैं , शायद इसी काम के लिए वह लोग पैदा हुए रहते हैं। 

किसी बात पर सोसाइटी के लोगों ने पंडित जी की सादगी , विद्वता और विनम्रता की गाथा शरू ही की थी कि गांव के कुछ लोग कहने लगे कि , ' क्या फ़ायदा ऐसी विद्वता , विनम्रता का। बेटी तो मुंह पर कालिख लगा गई ? '

' क्या ? ' सोसाइटी के लोग चौंक पड़े। यह तो उन के लिए एक नया चैप्टर था। 

' और क्या ? ' गांव का वह व्यक्ति बोला , ' तभी तो रीडर साहब रीडरी वीडरी सब फेंक - फांक कर घर - दुआर , पर - परिवार छोड़ कर गुमनाम हो गए। सुना है कि कउनो मंदिर में भूखों मरे पाए गए। '

' ऐसा मत कहिए। ' सोसाइटी के लोगों के साथ गए दवा दुकानदार जैन बोले , ' यह समय ऐसी बातों का नहीं है। आप लोग चुप हो जाओ ! '

लेकिन एक दो लोगों के चुप रहने से ऐसी बातें कहां चुप रह पाती हैं भला !

पता चला कि प्रतापगढ़ जनपद के निवासी मृत्युंजय मिश्रा होनहार किस्म के छात्र थे। उन के पिता साधारण किसान थे। लेकिन बेटे की पढ़ाई में सुविधा देने के मामले में कोई कसर नहीं छोड़ी। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में पढ़ने गए मृत्युंजय मिश्रा केमेस्ट्री में एम एस सी किए। गोल्ड मेडलिस्ट हुए। और पी एच डी करने जे एन यू , दिल्ली गए। पी एच डी पूरी होते ही दिल्ली यूनिवर्सिटी में लेक्चरर नियुक्त हुए। इस बीच शादी हो गई थी। पत्नी भी प्रतापगढ़ से थीं और कॉमर्स पढ़ा रही थीं , दिल्ली यूनिवर्सिटी से संबद्ध एक कालेज में। समय आने पर रीडर बन गए मिश्रा जी। मॉडल टाऊन में एक पुराना घर ख़रीद कर , उसे तोड़ कर लोन ले कर बढ़िया दो मंज़िला घर बनवाया। ज़िंदगी ठाट से चल रही थी। बेटा भी आई ए एस अलायड हो गया। इनकम टैक्स में। बेटी भी एक बैंक में पी ओ बन गई। बस यही घड़ी जैसे काल बन गई मृत्युंजय मिश्रा के जीवन में। बेटी एक शादीशुदा और अधेड़ आदमी के प्यार के झांसे में आ गई। बहुत समझाया। कहा कि लव मैरिज या अपनी पसंद की शादी करने में कोई दिक़्क़त नहीं। चाहे जिस जाति में करो। कोई दिक़्क़त नहीं। पर अपनी उम्र के आदमी से शादी करो। बाप की उम्र के आदमी से नहीं। लेकिन वह कुछ सुनने को तैयार नहीं थी। अड़ गई कि इसी से विवाह करेगी। मृत्युंजय मिश्रा ने साफ़ बता दिया कि यह शादी तो किसी सूरत उन्हें मंज़ूर नहीं। मेरी लाश से गुज़र कर ही यह शादी हो सकती है। यह सुन कर बेटी चुप रह गई। बेटा उन दिनों चेन्नई में पोस्टेड था। बहू के साथ वह भी दिल्ली आया। बहन को बहुत प्यार से समझाया। एक साइकेट्रिक के पास ले जा कर तीन - चार बार काउंसिलिंग करवाई। बहू ने भी ननद को सारे व्यावहारिक पक्ष , ऊंच-नीच समझायी। 

कोई प्रतिक्रिया देने के बजाय वह चुपचुप रहने लगी। लगा कि बात शायद बन गई है। फिर एक दिन अचानक बेटी ने बताया कि उस ने किसी मंदिर में शादी कर के रजिस्ट्रार आफिस में उस का रजिस्ट्रेशन भी करवा लिया है। यह सुन कर माता - पिता दोनों ही को जैसे लकवा मार गया। अवाक रह गए। निःशब्द हो गए। फिर भी दोनों लगातार समझाते रहे कि यह ग़लत फैसला है। एक साथ दो परिवार मत तोड़ो। यह भी कहा कि बिना तलाक़ लिए यह रजिस्ट्रेशन क़ानूनी रूप से अवैध है और कि रद्द भी हो सकता है। इस बारे में वकीलों की भी राय ली। पर सब बेकार। अब दो ही रास्ते थे। एक यह कि मिश्रा जी मिसेज सहित आत्महत्या कर लें। जहर खा लें। किसी रेल से कट मरें। दूसरा , बेटी की ऑनर किलिंग। लेकिन मिश्रा जी ने इन दोनों रास्तों को कायरता कहते हुए बेटी को समझाने का रास्ता अपनाया। वह बेटी जिसे वह अपनी जान से ज़्यादा चाहते थे। ख़ूब प्यार करते थे। बेटे से भी ज़्यादा उसे चाहते थे। विश्वास करते थे। कभी कोई शक़ , कोई सवाल , कोई अविश्वास नहीं किया। पर यही बेटी एक दिन विश्वासघात कर , आंख में धूल झोंक कर , घर छोड़ कर चली गई। मोबाईल स्विच आफ कर लिया। मिश्रा जी सकते में आ गए। बेटी ने उलटे थाने में रिपोर्ट लिखवा दिया माता - पिता के ख़िलाफ़। कि माता - पिता उसे किसी के हाथ बेच रहे थे और कि उसे जला कर मारने की कोशिश की। वग़ैरह बहुत से अनर्गल आरोप। यह सब लिख कर पुलिस से सुरक्षा मांगी। बताया कि उस की जान को ख़तरा है। इस बाबत हाईकोर्ट में रिट दायर कर हाईकोर्ट से भी सुरक्षा मांगी। मृत्युंजय मिश्रा हकबक रह गए। वह सोच ही नहीं पा रहे थे कि बेटी को ऐसे अनर्गल आरोप की ज़रूरत क्यों आन पड़ी। हालां कि उन के पास न हाईकोर्ट का कोई आर्डर आया , न कोई पुलिस आई। पर जीते जी जैसे मर गए वह इन आरोपों को सुन कर। बेटी का छल और विश्वासघात उन्हें बुरी तरह तोड़ गया। उन का सारा व्यावहारिक और केमेस्ट्री का ज्ञान बेटी के विश्वासघात में डूब गया। वह कहते हैं न कि केमिकल लोचा हो गया। 

मिसेज मिश्रा तो सुधबुध खो बैठीं। बेटी घर से भाग गई है , यह ख़बर परिवार और रिश्तेदारों में आग की तरह फैल गई। गांव के पट्टीदारों ने फ़ोन पर ताने दे - दे कर जीना हराम कर दिया। मृत्युंजय मिश्रा से कम , मिसेज मिश्रा से लोग ज़्यादा पूछने लगे। दूध वाला , किराने की दुकान वाला , सब्जी वाला , हर किसी के पास सवाल ही सवाल था। कुछ बोल कर पूछते , कुछ बिन बोले। लगता जैसे मॉडल टाऊन की हर गली , हर सड़क , हर कूचा , हर दुकान , हर आदमी , औरत के पास बस यही एक सवाल है। सवाल न हो , जैसे आक्सीजन हो। कि इस सवाल के बिना सब का जीना मुश्किल हो गया हो।  हर गली कूचा इसी सवाल में सना हुआ था। आकंठ। सहानुभूति कम , मजा लेने का भाव सर्वोपरि था। सर्वदा सीना तान कर , सिर उठा कर चलने वाले मृत्युंजय मिश्रा अब सिर झुका कर चलने लगे। लगता जैसे गोहत्या का पाप चढ़ गया हो। ब्राह्मण हो कर भी समाज में अछूत हो गए थे। भागी हुई लड़की का बाप बन कर लगता था जैसे समूची दिल्ली का मल - मूत्र अपने सिर पर ले कर घूम रहे हों। सांस लेना और जीना कठिन हो गया था। कालोनी के लोग , परिवार के लोग , रिश्तेदार सभी बर्रैया के छत्ते की तरह सवालों की झड़ी ले कर उपस्थित थे। तरह - तरह की बातें। कुछ सच्ची , कुछ झूठी। मिर्च , मसाले के साथ। वह जो एक कहावत है न कि सूप तो सूप , चलनी भी बोले , जिस के बहत्तर छेद ! वाली स्थिति हो गई। तिस पर कोढ़ में खाज यह कि बेटी ने अपने विवाह की फ़ोटो फ़ेसबुक पर डालने शुरू किए। लोगों ने वही फ़ोटो मिसेज मिश्रा को फारवर्ड करने शुरू कर दिए। जाने कहां-कहां फारवर्ड करने लगे। परिणाम यह हुआ कि मिसेज मिश्रा को हार्ट अटैक पड़ गया। अस्पताल जाते - जाते रास्ते में ही सांस टूट गई। मृत्युंजय मिश्रा अब और अकेले पड़ गए। पत्नी थीं तो एक सहारा था। दोनों एक दूसरे के कंधे पर सिर रख कर , गले लग कर रो लेते थे। दुःख विगलित कर लेते थे। डायल्यूट कर लेते थे। अब वह कंधा भी नहीं रहा। किस के कंधे पर सिर रख कर रोएं ? पत्नी चली गईं लेकिन सवालों की बौछार बंद नहीं हुई। पत्नी का श्राद्ध आदि कर के वह एक दिन यूनिवर्सिटी पहुंचे। इस्तीफ़ा दिया। और मोबाईल बंद कर गुम हो गए। बुदबुदाते रहते कि किस जन्म के पाप की सज़ा दे दी बेटी तुम ने। और अकेले ही रोने लगते। लोगों को बीमारी आदि में महामृत्युंजय जाप की सलाह देने वाले मृत्युंजय मिश्रा अब दिन-रात अपनी मृत्यु की कामना और प्रार्थना करने लगे। लेकिन मृत्यु मांगने से तो कभी किसी को मिलती नहीं। भीख नहीं है , मृत्यु। 

मृत्यु की प्रार्थना और कामना लिए मृत्युंजय मिश्रा हरिद्वार , ऋषिकेश , प्रयाग , काशी और जाने कहां-कहां भटकते - भटकते थक गए। इस मंदिर , उस मंदिर और धर्मशाला में शरण लेते हुए इस सोसाइटी के मंदिर में आ गए। चाहते तो फंड वगैरह ले कर , पेंशन बनवा कर भी कहीं गुमनाम ज़िंदगी बसर कर सकते थे। पर इस से लोग उन को किसी न किसी तरह खोज लेते। नहीं कोई और सही , बेटा तो खोज ही लेता। पर वह अब इस निर्मम समाज को फेस करने को तैयार नहीं थे। सारा सम्मान , सारी प्रतिष्ठा मिट्टी में मिल चुकी थी। आदमी आर्थिक स्थिति बदहाल होने पर लड़ सकता है। स्वास्थ्य ख़राब होने पर बीमारी से भी लड़ सकता है। पर समाज में जो एक बार प्रतिष्ठा और सम्मान मिट्टी में मिल जाए , उस से ताज़िंदगी नहीं उबर सकता। वह भी जिस की जवान बेटी घर छोड़ कर भाग जाए , उस का जीवन नरक से भी बदतर हो जाता है। मृत्युंजय मिश्रा अकसर यह सोचते और लोगों से कहते कि बच्चे जब छोटे होते हैं तो मां - बाप को बहुत मज़ा देते हैं। नैसर्गिक सुख देते हैं। स्वर्ग जैसा जीवन होता है। पर बड़े हो कर यही बच्चे जब सज़ा देने लगते हैं तो ज़िंदगी बोझ बन जाती है। नरक बन जाती है। इस बोझ से ही छुटकारा पाने के लिए वह गुमनाम हो गए। बेटे ने बहुत खोजा। पर मृत्युंजय मिश्रा केमेस्ट्री वाले आदमी थे। कहीं कोई पहचान और निशान नहीं छोड़ते। हर बार जिस नाव से नदी पार करते , वह नाव जला देते। निशान और पहचान दिए भी तो मृत्यु के बाद।  

जिस बेटी के कुकर्मों और पाप का प्रायश्चित करते हुए मृत्युंजय मिश्रा गुमनाम हो कर ज़िंदगी का बोझ ढोते रहे वह पापिनी भी ख़बर सुन कर अपनी टीनएज बेटी के साथ नोएडा की इस सोसाइटी में एक दिन आई। लेकिन जब सोसाइटी के लोगों से वह मिली तो उस पर जैसे आग की बरसात हो गई। मिसाइलों जैसे अप्रिय सवाल सुन कर ध्वस्त हो गई। तेजाबी सवालों के आगे वह पस्त हो गई। लोगों के सवाल उसे किसी आरी की तरह काटने लगे। लोगों के अप्रिय सवालों और अपशब्दों का सामना वह नहीं कर सकी। कुछ लोगों ने उसे मारने के लिए दौड़ा लिया। भाग कर वह अपनी कार में बैठ गई। ड्राइवर से बोली , ' भागो यहां से जल्दी। नहीं लोग मार डालेंगे ! ' ड्राइवर ने कार तेज़ी से आगे बढ़ा दी। 

थोड़ी देर बाद उस की बेटी ने पूछा , ' ममा ऐसा क्यों किया आप ने नाना के साथ ? '

वह कुछ बोली नहीं। बस आंसू बहने लगे आंख से। बहते ही रहे। 

होता है ऐसा कई बार कि बच्चों के कुछ फैसलों से मां-बाप की ज़िंदगी की केमेस्ट्री बदल जाती है। ज़िंदगी जीने का फार्मूला बदल जाता है। जैसे कभी केमेस्ट्री के बाकमाल स्कालर रहे पंडित जी ऊर्फ मृत्युंजय मिश्रा की केमेस्ट्री बदल गई। 


2 comments:

  1. ऐसी घटनाएं व्यक्ति पर आपदा की तरह टूटती है अंतिम सांस तक व्यक्ति इससे उबर नहीं पाता

    ReplyDelete
  2. इस कहानी को पढ़ते हुए भावनाएँ जैसे टूटे हुए बाँध की जलधारा से भी ज़्यादा अनियंत्रित हो गयीं!
    बहुत अच्छी कहानी लिखी है आपने दयानंद भाई

    ReplyDelete