Wednesday 25 October 2023

मौन साधना-आराधना के परिणाम 'विपश्यना' के लिए तड़प ही जीवन का सत्य

रेखा पंकज 

"अब मौन में ही सोना था, मौन में ही जगना। मौन में ही नहाना था, मौन में ही खाना था। मौन क्या था मन के शोर में और-और जलना था। तो क्या मौन मन को जला डालता है? पता नहीं, पर अभी तो यह मौन मन को सुलगा रहा था। बिना धुएं और बिना आंच के धीमी आंच पर जैसे सांस दहक रही थी। मौन की मीठी आंच एक अजीब सी दुनिया में ले जा रही थी। ऑंखे बंद थी और जैसे मदहोशी सी छा रही थी"...विपश्यना शिविर का ये दृश्य तो वहां न जाने वाले ही कल्पना में भी होगा ही। लेकिन इससे इतर जो दृश्यालोकन लेखक दयानंद पांडेय जी के इस लघु उपन्यास में है, उस की कल्पना शायद ही की गई होगी, मसलन विपश्यना में प्रेम! किताब का शीर्षक ऐसा है कि आपको एक बार इस में उतरने का मन करेगा ही। और जब आप पृष्ठ दर पृष्ठ आगे बढ़ते है तो तमाम बंदिशों को तोड़ मन की उच्छंखृल प्रवृति से आप खुद को अपने भीतर ही मौजूद पाते है। यही पर आ कर इस पुस्तक का उद्देश्य भी पूरा होता है।

कहानी का मुख्य पात्र विनय विपश्यना में जा कर मन को केंद्रित करने के ढोंग का आवरण हटाता है। पूर्णत शांत-स्तब्ध कर देने वाले विपश्यना के वातावरण की चुप्पी में भी दूसरों के मनोभावों को समझने वाले इस पात्र को एक रशियन स्त्री की देह से अपने मन के कोलाहल का ज्ञान हुआ... "अचानक उस का ध्यान टूटता है। आंख खुलती है। एक गोरी सी रशियन स्त्री के अकुलाए वक्ष पर उस की आंखें धंस गई हैं। उसकी स्लीवलेस बाहें जैसे बुला रही है। अब ऐसे में कोई कैसे ध्यान करें। जब मन में देह का ध्यान आ जाए तो सारे ध्यान बिला जाते है...सारी विपश्यना बिला जाती है।" स्त्री देह का आकर्षण ऐसा ही है। तमाम कायनात चुप हो भी जाए तो भी स्त्री की देह बोलना बंद नहीं कर सकती। फिर भला पुरूष की कामी भावना विपश्यना में कैसे कैद हो कर रह सकती है। इन्हीं भावों को लेखक ने बेहतर संदर्भो के साथ व्याख्यायित किया है। जैसे-जैसे उपन्यास में आप आगे बढ़ते हैं ,  मौन के बाहरी आवरण को छेदते मन के भावों और मंशाओं को विनय के माध्यम से चीन्हते जाते हैं।

पुस्तक के आख़िरी हिस्से तक आते-आते आप को विपश्यना के मौन एकांत क्षणों को जीने की कोशिश में मन में कूदते फांदते कोलाहल का भी अहसास होने लगता है, जिसे दबाने के भरसक प्रयास में मुख्य पात्र न केवल उसे जी कर वरन् अपने साथ ही ले कर वापस आता है। यही से उसे जीवन के यथार्थ का परिचित होता है... "सांस के स्पर्श से ज्यादा जीवन संघर्ष का स्पर्श है। सांस से ज्यादा संघर्ष आता जाता है। संघर्ष का आन-पान और सांस का आन-पान एकमेव हो गए हैं।" ध्यान और भाव की रस्साकशी में मन के हार जाने को लेखक ने बखूबी दिखाया है। विपश्यना शिविर में मन से संसार से छोड़ने के प्रयास में विपश्यना स्वरूप केे ही अपने संसार में ही आ जाने से मुख्य पात्र विनय के भीतर की तड़प संयम और मोह के बीच की दीवार को गिरा देती है। इस लिए कहानी के अंत में रहस्योदघाटन व्यक्ति द्वारा अपने मनोभावों को संयमित कर लेने का छलावा मात्र भर रह जाता है...."यह कौन सा विलाप है। विपश्यना में विलाप का यह आलाप विनय को विकल कर देता है। विपश्यना की यह कौन सी साधना है? साधना है या आराधना। सहसा विपश्यना शिविर के ध्यान कक्ष में उस स्त्री का विलाप याद आ जाता है विनय को। वह समझ नहीं पाता कि साधना में है कि विलाप में।"

दयानंद पांडेय के उपन्यासों की लंबी फेहरिस्त में यह उपन्यास कुछ अलग और अपने अनूठेपन से लोगों के बीच चर्चा पा रहा है। भाषा सरल और शैली की कला पर पांडेय जी सदैव की भांति प्रषंसा के योग्य है। यक़ीनन इस उपन्यास को पढ़ कर कोई भी पाठक स्वंय के भीतर झांक उस संघर्ष को स्पर्श कर मौन कर सकता है जो उस के सांस पर भारी है।

[ कालखंड से साभार। ]


विपश्यना में प्रेम उपन्यास पढ़ने के लिए इस लिंक को क्लिक कीजिए 


विपश्यना में विलाप 


समीक्ष्य पुस्तक :



विपश्यना में प्रेम 

लेखक : दयानंद पांडेय 

प्रकाशक : वाणी प्रकाशन 

4695 , 21 - ए , दरियागंज , नई दिल्ली - 110002 

आवरण पेंटिंग : अवधेश मिश्र 

हार्ड बाऊंड : 499 रुपए 

पेपरबैक : 299 रुपए 

पृष्ठ : 106 

अमेज़न (भारत)
हार्डकवर : https://amzn.eu/d/g20hNDl


No comments:

Post a Comment